
निघासन में भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) से बनी 5.76 करोड़ रुपये लागत की निघासन-सुकलिपुरवा सड़क गारंटी अवधि में ही बदहाल हो गई है। सड़क उखड़ने के साथ लालपुर नहर के पास बनी मुख्य पुलिया की दीवारें भी टूट गई हैं, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी की गई। IRC:73-1980 के अनुसार पुलिया के दोनों ओर 30-30 मीटर सड़क सीधी होनी चाहिए, लेकिन यहां खतरनाक मोड़ पर पुलिया बना दी गई। लोगों का कहना है कि पर्याप्त सरकारी जमीन होने के बावजूद सड़क को सीधा नहीं बनाया गया, जिसके कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है।
सड़क पर लगे बोर्ड के अनुसार मार्ग की कुल लागत 5,76,74,198 रुपये है। निर्माण कार्य गोगाजी इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड को दिया गया था। काम 25 मार्च 2021 को शुरू हुआ और 17 अप्रैल 2023 को पूर्ण दिखाया गया। सड़क की गारंटी अवधि 24 मार्च 2027 तक है, ऐसे में मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी ठेकेदार की है।
ग्रामीणों के मुताबिक राम सिंह के घर के पास सड़क से डामर पूरी तरह गायब है, जबकि गौढ़ीपुरवा पुलिया के पास सड़क धंस चुकी है। लालपुर नहर के पास टूटी पुलिया और झाड़ियों के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। मजबूरी में ग्रामीण उसी क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजर रहे हैं, जिसके नीचे करीब 6 फीट गहरी नहर है।
ग्रामीणों ने एसडीएम निघासन और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से तत्काल सड़क, पुलिया और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।