सात फेरे और निकाह के बीच सजी खुशियों की महफिल, 705 कन्याओं का हुआ सामूहिक विवाह


बहराइच के गेंदघर मैदान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सोमवार को भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 705 कन्याओं का विवाह पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और परंपराओं के साथ संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, जयमाल और निकाह की रस्मों के बीच नवविवाहित जोड़ों ने अपने नए जीवन की शुरुआत की। इनमें 94 मुस्लिम समुदाय के जोड़ों का निकाह भी धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आनन्द कुमार गोंड ने डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, सरोज सोनकर, विधायक अनुपमा जायसवाल के प्रतिनिधि शिवम जायसवाल और अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
पूरे समारोह में उत्सवी माहौल बना रहा। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। अतिथियों ने विवाह मंडप और निकाह स्थल पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को उपहार भी भेंट किए।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. आनन्द कुमार गोंड ने कहा कि सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के सम्मानजनक विवाह के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़ा मिलने वाली सहायता राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही प्रदेश में एक लाख गरीब कन्याओं के विवाह का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, जिला विकास अधिकारी राज कुमार, पीडी डीआरडीए मनीष कुमार और जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पाण्डेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।