
किरावली। आगरा लौट रहे वरिष्ठ अधिवक्ता वी.पी. गोयल की कार सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। मिढ़ाकुर के समीप तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में अधिवक्ता और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान उनकी पत्नी आशारानी गोयल की मौत हो गई, जबकि अधिवक्ता का अस्पताल में इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील किरावली में प्रैक्टिस करने वाले आगरा निवासी वरिष्ठ अधिवक्ता वी.पी. गोयल अपनी निजी कार से किरावली से आगरा लौट रहे थे। इसी दौरान मिढ़ाकुर के पास एक तेज गति से आ रहे कंटेनर ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अधिवक्ता की पत्नी आशारानी गोयल ने दम तोड़ दिया। वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता वी.पी. गोयल का उपचार जारी है और उनकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही अधिवक्ता समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई। किरावली के अधिवक्ताओं ने शोक सभा आयोजित कर आशारानी गोयल के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।