झांसी। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत कार्यक्रमों के दौरान जेबकतरों ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। उरई से लेकर झांसी और तालबेहट तक प्रदेश अध्यक्ष के काफिले के साथ सक्रिय रहे शातिर बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर कई लोगों की जेब काट ली।
जानकारी के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को लखनऊ से झांसी पहुंचे थे। उनके स्वागत के लिए उरई सहित विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। इसी दौरान भीड़ में मौजूद शातिर जेबकतरों ने कई लोगों को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि उरई में ही करीब 50 हजार रुपये की नकदी पार कर दी गई।
इसके बाद झांसी के होटल लेमन ट्री में आयोजित कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम के दौरान भी जेबकतरों का आतंक जारी रहा। समथर नगर पालिका अध्यक्ष की जेब से 5 हजार रुपये, टहरौली निवासी सोनी की जेब से 5 हजार रुपये तथा राजेश तिवारी की जेब से लगभग एक लाख रुपये गायब हो गए। पीड़ितों को घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने अपनी जेबें चेक कीं।
बताया जा रहा है कि संदिग्ध व्यक्ति प्रदेश अध्यक्ष के काफिले में शामिल होकर उरई से झांसी और फिर तालबेहट तक घूमता रहा। घटना की सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी और संदिग्ध की तलाश में नाकाबंदी कराई गई।
नवाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि होटल लेमन ट्री में दो लोगों की जेब कटने की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।