सालों बाद दौलताबाद स्केप और डब्ल्यूडी ड्रेन की सफाई शुरू, किसानों को जलभराव से राहत की उम्मीद


अछनेरा। मानसून से पहले क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत देते हुए सिंचाई विभाग ने दौलताबाद स्केप (नाला) और वेस्टर्न डिप्रेशन ड्रेन (डब्ल्यूडी ड्रेन) की सफाई का कार्य शुरू कर दिया है। वर्षों से सिल्ट, जलकुंभी और झाड़-झंखाड़ से अवरुद्ध पड़े इन नालों की सफाई होने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और सैकड़ों बीघा कृषि भूमि को जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
सहायक अभियंता द्वितीय स्पर्श अग्रवाल ने बताया कि दौलताबाद स्केप में भारी मात्रा में सिल्ट और झुंड-मुंझ जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही थी। विभाग द्वारा पोकलेन और जेसीबी मशीनों की मदद से सफाई कराई जा रही है। वहीं जूनियर इंजीनियर रवेंद्र सिंह ने बताया कि बड़ौदा मशरकपुर नाले की लगभग तीन वर्ष बाद सफाई कराई जा रही है, जिससे प्रभावित किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
उधर, भाजपा के वरिष्ठ किसान नेता मोहन सिंह चाहर के प्रयासों से 52 किलोमीटर लंबे वेस्टर्न डिप्रेशन ड्रेन (डब्ल्यूडी ड्रेन) की सिल्ट सफाई का कार्य भी शुरू हो गया है। मोहन सिंह चाहर ने किसानों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और स्पष्ट कहा कि सफाई के नाम पर किसी प्रकार की खानापूर्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि नाले की सफाई न होने से गड़ीमां, सांधन, फतेहपुरा, मांगरोल जाट और नगला लक्ष्मण सहित कई गांवों की लगभग 500 बीघा कृषि भूमि जलभराव से प्रभावित हो रही थी। किसानों का कहना है कि लंबे समय बाद शुरू हुई सफाई से क्षेत्र में जलभराव की समस्या कम होगी और खेती को नया जीवन मिलेगा।
इस दौरान केशवदेव शर्मा, सतीश चाहर, सुखवीर सिंह (पूर्व प्रधान), मोहन सिंह एडवोकेट, बिजेंद्र सिंह, हरदेव सिंह, देवी सिंह, श्यामवीर सिंह, बच्चू सिंह (पूर्व प्रधान) तथा राजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।