
बाराबंकी। बाराबंकी जिले के बुढ़वल रेलवे स्टेशन के निकट मंगलवार रात एक दर्दनाक रेल हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से युवती का मौके पर ही निधन हो गया। घटना के बाद डाउन रेलवे लाइन पर कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहा, जिससे ट्रेनों का संचालन भी बाधित हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
गार्ड की सूचना पर हरकत में आया रेलवे प्रशासन
जानकारी के अनुसार, ट्रेन के गार्ड ने रेलवे स्टेशन को सूचना दी कि डाउन लाइन पर एक शव पड़ा हुआ है, जिसके कारण ट्रैक क्लियर नहीं हो पा रहा है। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल आरपीएफ को मेमो भेजा। इसके बाद आरपीएफ के एएसआई संजीव कुमार यादव अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, जहां रेलवे ट्रैक पर युवती का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला।
स्वाति के रूप में हुई पहचान, मोबाइल फोन मिला बरामद
जीआरपी चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार ने बताया कि मृतका की पहचान स्वाति (18) पुत्री जगतपाल सिंह निवासी आगानपुर, थाना रामनगर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर मृतका की मां ललिता और भाई सचिन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस द्वारा की गई तलाशी के दौरान युवती के पास से कोई टिकट या पहचान पत्र नहीं मिला। हालांकि, एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है।
जांच शुरू, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हादसे के चलते गाड़ी संख्या 09111 करीब 10 मिनट तक बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। बाद में रेलवे और जीआरपी की टीम ने ट्रैक को खाली कराकर यातायात बहाल कराया। जीआरपी ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।