अमेठी। जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी देवेन्द्र सिंह निरंजन ने गुरुवार को विभिन्न उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों में अनियमितताएं पाए जाने पर इफको किसान सेवा केंद्र गौरीगंज, इफको किसान सेवा केंद्र जायस तथा साधन सहकारी समिति लिमिटेड ब्रहमनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं, साधन सहकारी समिति लिमिटेड ओदारी निरीक्षण के समय बंद मिलने पर उसे भी नोटिस जारी किया गया।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि संबंधित संस्थानों में स्टॉक एवं उर्वरक वितरण संबंधी अभिलेख पूर्ण रूप से अद्यतन नहीं पाए गए, जिस पर नियमानुसार स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने जनपद के सभी फुटकर उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए कि बिक्री रजिस्टर में प्रत्येक किसान का मोबाइल नंबर, खतौनी संख्या एवं फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। निर्देशों का पालन न करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी बोई गई फसल के अनुरूप निर्धारित मानकों के तहत ही उर्वरकों का वितरण किया जाए। प्रति हेक्टेयर अधिकतम पांच बोरी डीएपी एवं सात बोरी यूरिया की बिक्री की जा सकेगी। साथ ही बिक्री अभिलेखों में किसान का मोबाइल नंबर, खतौनी संख्या एवं फार्मर आईडी अंकित करना अनिवार्य होगा।
जिला कृषि अधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में अनुदानित उर्वरकों के साथ गैर-अनुदानित उर्वरकों की टैगिंग नहीं की जाएगी। सभी उर्वरक विक्रेताओं के पास स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर, रेट बोर्ड, कैश मेमो तथा भारत सरकार द्वारा उर्वरकों पर दी जा रही सब्सिडी संबंधी सूचना पट्ट अथवा वॉल राइटिंग उपलब्ध होना आवश्यक है। इसके अलावा पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक एवं भौतिक स्टॉक में किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर में अनुदानित उर्वरकों के साथ-साथ जिंक, सूक्ष्म पोषक तत्व (माइक्रो न्यूट्रिएंट), सल्फर तथा जैव एवं जैविक उर्वरकों का विवरण भी अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। निरीक्षण के दौरान यदि किसी विक्रेता के यहां नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो उसका लाइसेंस निरस्त करते हुए विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरकों के पारदर्शी वितरण को सुनिश्चित करने के लिए जनपद में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।