अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला, बोले- “मुंह से स्वदेशी, मन से विदेशी है भाजपा का असली चेहरा”

रिपोर्ट : बॉबी ठाकुर

कासगंज। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष Akhilesh Yadav ने कासगंज में भाजपा और डबल इंजन सरकार पर जमकर निशाना साधा। वह पूर्व सांसद के उर्मिला गार्डन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि “बंगाल को लूटा गया और बिहार में बेईमानी की गई, यही भाजपा का असली चेहरा है।” उन्होंने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जैसे-जैसे डॉलर मजबूत होगा, आम लोगों पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा और चाय जैसी दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतें भी बढ़ती जाएंगी।


सपा प्रमुख ने बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के लोगों को निशाना बनाकर बुलडोजर चलाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा मुंह से स्वदेशी की बात करती है, लेकिन उसका मन विदेशी सोच से प्रभावित है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो कथित फर्जी एनकाउंटर मामलों की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा जाएगा।
उन्होंने महिलाओं को लेकर भी बड़ा वादा किया और कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये प्रतिमाह देने की योजना लागू की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा ने स्मार्ट सिटी बनाने के बजाय गरीबों से अधिक वसूली करने के लिए स्मार्ट मीटर लगाए हैं।
अखिलेश यादव के इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर समाजवादी पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। उनके भाषण के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।