
लखनऊ। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को नानपारा-मैलानी रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह सहित मंडल के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों, सिग्नल व्यवस्था और रेलवे अवसंरचना का गहन परीक्षण किया गया।
निरीक्षण की शुरुआत नानपारा स्टेशन से हुई, जहां अपर महाप्रबंधक ने सरकुलेटिंग एरिया, स्टेशन प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा सिग्नल प्रणाली का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मुर्तिहा और मझरापूरब स्टेशनों का भी विस्तृत निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
पलियाकला में व्यापारियों की समस्याएं सुनीं, दुधवा स्टेशन की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में पलियाकला स्टेशन पहुंचने पर शुक्ल ने स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और अन्य यात्री सुविधाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर मौजूद स्थानीय व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद दुधवा स्टेशन पर निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्टेशन अधीक्षक कार्यालय, सरकुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया और यात्री सुविधाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया।
मैलानी जंक्शन पर तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण
निरीक्षण के अंतिम चरण में अपर महाप्रबंधक मैलानी जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने पैनल रूम, रिले रूम, आईपीएस रूम, प्लेटफॉर्म, सरकुलेटिंग एरिया तथा महिला एवं पुरुष प्रतीक्षालयों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण में रेलखंड की संरचना का किया परीक्षण
नानपारा-मैलानी रेलखंड के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के दौरान अपर महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक के किनारे स्थित स्टेशन भवनों, समपार फाटकों, कर्वों, पुलों, स्टेशन यार्डों तथा सिग्नल प्रणाली का निरीक्षण किया। उन्होंने रेलखंड पर सुरक्षित और सुचारु संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का भी आकलन किया।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर/द्वितीय अश्विनी कुमार तिवारी, मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर आमिर खान, सहायक वाणिज्य प्रबंधक मुकेश कुमार, सहायक मंडल इंजीनियर/बहराइच अनिल कुमार यादव, सहायक मंडल विद्युत इंजीनियर गोपाल दास गुप्ता, सहायक मंडल इंजीनियर/मैलानी योगेंद्र प्रसाद सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।