एक लाख का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, बाबा मिलनदास हत्याकांड का था आरोपी

रिपोर्ट: चैतन्य त्रिपाठी

बांगरमऊ, उन्नाव। थाना बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम उन्नाव की संयुक्त कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश इसराइल उर्फ इजराइल पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी बाबा मिलनदास हत्याकांड में वांछित था और घटना के बाद से फरार चल रहा था।

जानकारी के अनुसार सोमवार तड़के करीब 3:40 बजे थाना बांगरमऊ पुलिस और एसओजी टीम आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना बांगरमऊ में दर्ज बाबा मिलनदास हत्याकांड का वांछित आरोपी और एक लाख रुपये का इनामी अपराधी इसराइल उर्फ इजराइल पुत्र शकुर निवासी पूर्विया टोला, कस्बा एवं थाना बांगरमऊ, ग्राम ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन कुमार सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जबकि एसओजी के आरक्षी विकास भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए।

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में इसराइल उर्फ इजराइल गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त बताए जा रहे एक चाकू, एक तमंचा 315 बोर तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गौरतलब है कि इसराइल उर्फ इजराइल पर 9 जून 2026 को बाबा मिलनदास की चाकुओं से गोदकर हत्या करने का आरोप था। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।