
रिपोर्ट -संदीप अवस्थी
परियर-उन्नाव। सोमवती अमावस्या के पावन अवसर पर सोमवार को परियर स्थित गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने लगे और पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान का क्रम दोपहर बाद तक जारी रहा।
श्रद्धालुओं ने गंगा तट पर मौजूद तीर्थ पुरोहितों से कथा श्रवण कर संकल्प कराया तथा दान-दक्षिणा अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल कामना की। सोमवती अमावस्या के चलते गंगा घाट पर पूरे दिन धार्मिक वातावरण बना रहा।
सुहागिन महिलाओं ने पीपल वृक्ष की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उसकी परिक्रमा की और पति की दीर्घायु एवं परिवार की खुशहाली की कामना की। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर एवं जानकीकुंड आश्रम स्थित मंदिरों में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए गंगा तट से लेकर बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर तक पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान नवागत सफीपुर थाना प्रभारी संदीप मिश्रा भी परिवार सहित बाबा बलखंडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि की कामना की। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।