रिपोर्ट – शशांक मिश्र

बिछिया-उन्नाव। ब्लॉक मुख्यालय परिसर में सोमवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जन कल्याण दिवस एवं स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर संचालित योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
सुबह 10 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, आयुष्मान भारत, आरबीएसके, विकास विभाग, बाल विकास पुष्टाहार, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, एनआरएलएम तथा कृषि विभाग की ओर से स्टॉल लगाए गए। हालांकि स्वास्थ्य मेले में विद्युत विभाग और जल निगम विभाग के स्टॉल नहीं लगाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुरवा विधायक अनिल सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी एवं ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं और दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी ने वर्ष 2014 से अब तक केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
बाल विकास पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में विधायक अनिल सिंह ने 25 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सुपरवाइजरों को स्मार्टफोन वितरित किए। वहीं एनआरएलएम विभाग की ओर से विधायक ने लखपति दीदी के रूप में चयनित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नीरज गुप्ता, खंड विकास अधिकारी फहद खान, ग्राम सचिव, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं, संगिनी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं मौजूद रहीं।
भीषण गर्मी में परेशान रहे कर्मचारी व आगंतुक
एक ओर जहां कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, वहीं भीषण गर्मी के बीच विभागीय कर्मचारी करीब चार घंटे तक धूप में डटे रहे। परिसर में पर्याप्त छाया और बैठने की समुचित व्यवस्था न होने से कर्मचारी और आगंतुक परेशान नजर आए। कई लोग धूप से बचने के लिए इधर-उधर टहलते दिखाई दिए। कार्यक्रम औपचारिकताओं के बीच संपन्न हो गया।