सोमवती अमावस्या पर राधा रानी झाड़ी की परिक्रमा, भाजपा नेता ऋषिराज सिंह ने समर्थकों संग किया पुण्य अर्जन

सोमवती अमावस्या पर राधा रानी झाड़ी की परिक्रमा, भाजपा नेता ऋषिराज सिंह ने समर्थकों संग किया पुण्य अर्जन
कोसीकला। पुरुषोत्तम मास की सोमवती अमावस्या के अवसर पर संपूर्ण ब्रज क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। श्रद्धालुओं ने मंदिरों और देवालयों में पहुंचकर अपने इष्ट देवों की पूजा-अर्चना की तथा वन-उपवनों की परिक्रमा कर पुण्य अर्जित किया।
इसी क्रम में कोसीकला की छाता विधानसभा क्षेत्र के गांव पिसावा स्थित प्रसिद्ध राधा रानी झाड़ी में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुंवर ऋषिराज सिंह ने दर्जनों ग्रामीणों, समर्थकों और सहयोगियों के साथ परिक्रमा कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। लगभग 4.5 किलोमीटर लंबी इस परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार द्वापर युग में महाभारत युद्ध के बाद पांडवों के पांचों पुत्रों की हत्या के अपराध में अश्वत्थामा की मस्तक मणि निकाल ली गई थी, जिसके कारण उन्हें असहनीय पीड़ा का सामना करना पड़ा। किवदंती है कि उन्हें ज्ञात हुआ कि राधा रानी झाड़ी में निवास करने से उनकी पीड़ा कम होगी। इसी मान्यता के चलते आज भी श्रद्धालु विश्वास करते हैं कि अजर-अमर अश्वत्थामा का वास गांव पिसावा की राधा रानी झाड़ी में है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि राधा रानी झाड़ी की परिक्रमा करने से जीव मात्र का कल्याण होता है तथा राधारानी की कृपा से भक्तों की मनोकामनाएं भी पूर्ण होती हैं। सोमवती अमावस्या के अवसर पर यहां श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।