
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। बाराबंकी के तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए शुक्रवार को बड़ी सौगात मिली। खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने खारिका फूल स्थित जलहली माता मंदिर, पूरे गोडियन मजरे सूर्यपुर स्थित प्राचीन जलहली माता मंदिर तथा दादूपुर लकड़िया स्थित राजा रमन धाम में करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास किया।
वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के बीच हुए शिलान्यास कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सनातन संस्कृति, धार्मिक विरासत और आस्था के केंद्रों के संरक्षण एवं विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मंदिरों के सौंदर्यीकरण से न केवल श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
परियोजना के तहत मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए हाल, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पथ-निर्माण और परिसर सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंत्री ने तीनों धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन कर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना की।
उन्होंने कहा कि इन प्राचीन एवं पौराणिक स्थलों के प्रति लोगों की गहरी आस्था है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। विकास कार्य पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की धार्मिक पहचान और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में प्रदीप कुमार द्विवेदी, पवन कुमार सिंह, रिंकू, रुपेश प्रताप लकी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।