
भूमि अधिग्रहण के विरोध में कल नागर में होगी किसान पंचायत, बड़ी संख्या में जुटेंगे प्रभावित किसान
अछनेरा। आगरा–बांदीकुई रेललाइन के दोहरीकरण के लिए प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के विरोध में रविवार सुबह 10 बजे गांव नागर में किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। पंचायत में प्रभावित किसान अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर रणनीति तय करेंगे।
किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने बताया कि पंचायत को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में पंचायत में शामिल होकर किसानों की आवाज को मजबूत करने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि आगरा से बांदीकुई तक रेललाइन दोहरीकरण परियोजना के तहत जोगीपुरा, मंघटई, बिचपुरी, चौहटना, अंगूठी, नागर सहाई, सहता, रायभा, अछनेरा, नगला अरुआ, मांगरोल जाट, गोबरा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों की भूमि का अधिग्रहण प्रस्तावित है, जिससे सैकड़ों किसान प्रभावित होंगे।
किसानों का आरोप है कि वर्ष 2026 में किए जा रहे भूमि अधिग्रहण का मुआवजा वर्ष 2017 की सर्किल रेट के आधार पर निर्धारित किया जा रहा है, जो वर्तमान परिस्थितियों में न्यायसंगत नहीं है। किसानों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए मौजूदा दरों के अनुसार उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पंचायत की तैयारियों के तहत किसान नेता सत्यपाल सिंह जुरैल एवं मुखत्यार सिंह सोलंकी ने मांगरोल जाट, झारिया, नगरा, गोबरा सहित विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर किसानों से पंचायत में शामिल होने का आह्वान किया। किसान नेताओं का कहना है कि पंचायत में आगे की रणनीति तय की जाएगी और किसानों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।