
अछनेरा ब्लॉक के सभी उपकेंद्रों पर शुरू हुआ एचपीवी वैक्सीन टीकाकरण अभियान
अछनेरा। महिलाओं में सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से शुक्रवार को अछनेरा ब्लॉक के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन का विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का उद्देश्य किशोरियों को समय रहते कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करना है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर एएनएम द्वारा विशेष एचपीवी टीकाकरण सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकीं तथा 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछनेरा के अधीक्षक डॉ. नीरज कुमार ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन महिलाओं में होने वाले गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव के लिए प्रभावी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में इस गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को निर्धारित तिथि पर निकटतम स्वास्थ्य उपकेंद्र पर ले जाकर टीकाकरण अवश्य कराएं, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिल सके।