6 घंटे में चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार; चोरी का माल और नकदी बरामद


आगरा। थाना ट्रांस यमुना पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का महज छह घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई ग्राइंडर मशीन, कटर मशीन और 1,090 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपी चोरी का सामान बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नगला रामबल निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात उसके घर में चोरी हो गई। चोर घर से ग्राइंडर मशीन, 9 हजार रुपये नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और एक विशेष टीम का गठन किया।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कांशीराम योजना के खंडहर पड़े आवासों के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आशिक उर्फ इतेश उर्फ सोनू और आशु राठौर के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रामबाग चौराहे के आसपास रहकर नशा करते हैं और नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उन्होंने नगला रामबल स्थित मकान में घुसकर दो मशीनें और 9 हजार रुपये नकद चोरी किए थे। चोरी के बाद एक भारी ग्राइंडर मशीन को मकान के पास झाड़ियों में छिपा दिया गया था, जबकि दूसरी मशीन अपने साथ ले गए थे। चोरी की रकम आपस में बांट ली गई, जिसमें से अधिकांश रुपये जुए और अन्य खर्चों में खर्च हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाई गई ग्राइंडर मशीन भी बरामद कर ली। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आशिक उर्फ इतेश उर्फ सोनू के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट और शस्त्र अधिनियम सहित कई संगीन धाराओं में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आशु राठौर के खिलाफ भी चोरी का मामला दर्ज है।
थाना ट्रांस यमुना पुलिस की इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष हरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक लविश नागर, उपनिरीक्षक विक्रांत कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।