समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 61 शिकायतें पहुंचीं; 58 मामलों के निस्तारण के निर्देश


गोला गोकर्णनाथ (खीरी)। तहसील गोला गोकर्णनाथ में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी युगांतर त्रिपाठी ने की। इस दौरान कुल 61 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 58 मामलों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में सबसे अधिक 41 शिकायतें राजस्व एवं आपदा विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 5, संयुक्त जांच से जुड़ी 5, ग्राम्य विकास विभाग की 5, विद्युत विभाग की 2, खाद्य एवं रसद विभाग की 2 तथा नगर विकास विभाग की 1 शिकायत दर्ज की गई।
उपजिलाधिकारी युगांतर त्रिपाठी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का समाधान कर उसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और लोगों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।