लखनऊ। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET UG RE-EXAM 2026 रविवार को देशभर में आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों सहित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि PwD/PwBD श्रेणी के अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय दिया जाएगा और उनकी परीक्षा शाम 6:20 बजे तक चलेगी।

परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए NTA ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही होगा। एजेंसी ने छात्रों को निर्धारित समय से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है ताकि सुरक्षा जांच और सत्यापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
NEET RE-EXAM के लिए NTA ने ड्रेस कोड भी जारी किया है। अभ्यर्थियों को हल्के और साधारण कपड़े पहनकर आने की सलाह दी गई है। फुल स्लीव और ऊनी कपड़े पहनने वाले उम्मीदवारों की अतिरिक्त जांच की जाएगी। धार्मिक परंपराओं के तहत पगड़ी, हिजाब या अन्य धार्मिक परिधान पहनने की अनुमति होगी, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
एजेंसी ने परीक्षार्थियों को चप्पल या लो-हील सैंडल पहनकर आने को प्राथमिकता देने के लिए कहा है। हाई-हील सैंडल और भारी जूते पहनने वाले उम्मीदवारों की विशेष जांच की जाएगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
NTA के दिशा-निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थी केवल पारदर्शी पानी की बोतल और पारदर्शी प्लास्टिक पाउच साथ ले जा सकते हैं। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। इसके अलावा भारी आभूषण, धातु की वस्तुएं और बड़े बेल्ट बकल भी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सभी उम्मीदवारों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने में सहयोग करें।