रामनगर भाजपा में पोस्टर वॉर! टिकट की जंग सड़क पर, रातों-रात फाड़े जा रहे दावेदारों के होर्डिंग


रामनगर (बाराबंकी)। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही रामनगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के संभावित प्रत्याशियों के बीच टिकट की लड़ाई अब खुलकर सामने आने लगी है। क्षेत्र में लगाए जा रहे नेताओं के होर्डिंग और बैनर रातों-रात फाड़े जाने की घटनाओं ने पार्टी के अंदर चल रही खींचतान को सार्वजनिक कर दिया है। लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।


जानकारी के अनुसार रामनगर विधानसभा सीट से भाजपा का टिकट पाने की दौड़ में दो दर्जन से अधिक नेता सक्रिय हैं। अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए संभावित प्रत्याशी क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान के साथ-साथ बड़े पैमाने पर होर्डिंग और बैनर लगवा रहे हैं। प्रमुख चौराहों, बाजारों और गांवों में नेताओं की प्रचार सामग्री दिखाई दे रही है, लेकिन हाल के दिनों में इन होर्डिंगों को अज्ञात लोगों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।
भाजपा नेता गौरीकांत दीक्षित ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बुढ़वल चौराहे से फतेहपुर मोड़ के बीच लगाया गया उनका बड़ा होर्डिंग शनिवार रात फाड़ दिया गया। उनका दावा है कि पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। रविवार को वह अपने समर्थकों के साथ थाना रामनगर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज तथा फटे हुए होर्डिंग के फोटो पुलिस को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
गौरीकांत दीक्षित ने कहा कि कुछ अराजक तत्व जानबूझकर माहौल खराब करने और पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं भाजपा नेत्री अल्का मिश्रा ने भी होर्डिंग फाड़े जाने की घटनाओं पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगाए गए उनके अधिकांश होर्डिंग एक सप्ताह के भीतर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। अब केवल कुछ ही होर्डिंग बचे हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताते हुए प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।
सूत्रों के मुताबिक कई अन्य टिकट दावेदार भी इसी तरह की घटनाओं से परेशान हैं। नेताओं का कहना है कि एक दिन प्रचार सामग्री लगाई जाती है और अगले दिन वह फटी हुई या गायब मिलती है। इससे कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा है और चुनावी माहौल में तनाव की स्थिति बन रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले में तहरीर प्राप्त हो चुकी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही रामनगर भाजपा में टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो गई है। होर्डिंग फाड़ने की घटनाएं पार्टी के भीतर बढ़ती गुटबाजी और राजनीतिक दबाव की ओर संकेत कर रही हैं।