विश्व संगीत एवं योग दिवस पर सुरों और संस्कृति का संगम, संगीता जायसवाल की प्रस्तुति बनी आकर्षण का केंद्र


लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था सुर ताल संगम द्वारा विश्व संगीत दिवस एवं विश्व योग दिवस के अवसर पर हजरतगंज स्थित उद्यान भवन ऑडिटोरियम में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संगीत, नृत्य, योग और भारतीय संस्कृति के रंगों से सजे इस आयोजन में शहर के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम का सबसे विशेष आकर्षण पूर्व मेयर प्रत्याशी एवं समाजसेवी संगीता जायसवाल की संगीतमय प्रस्तुति रही, जिसने पूरे सभागार को भावनाओं से सराबोर कर दिया।


कार्यक्रम में विश्व संगीत दिवस, विश्व योग दिवस, फादर्स डे तथा महान पार्श्वगायिका लता मंगेशकर और आशा भोंसले को समर्पित विशेष प्रस्तुतियां दी गईं। इसी क्रम में संगीता जायसवाल ने स्वर कोकिला लता मंगेशकर का अमर गीत “रहे न रहे हम, महका करेंगे” प्रस्तुत किया। उनकी मधुर आवाज़, सुरों पर मजबूत पकड़ और गीत के भावों की गहरी अभिव्यक्ति ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही उन्होंने गीत की प्रस्तुति शुरू की, पूरा सभागार संगीत की मधुरता और संवेदनाओं से भर उठा।


सामाजिक कार्यों और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने वाली संगीता जायसवाल, चर्चित “ऑक्सीजन मैन” राजेश जायसवाल की पत्नी हैं। कोरोना महामारी के दौरान राजेश जायसवाल द्वारा जरूरतमंदों तक ऑक्सीजन पहुंचाने के अभियान को व्यापक सराहना मिली थी। वहीं संगीता जायसवाल भी वर्षों से सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय हैं। कांग्रेस पार्टी के टिकट पर लखनऊ नगर निगम के मेयर पद का चुनाव लड़कर उन्होंने शहर की राजनीति में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है।


कार्यक्रम में उपस्थित संगीत प्रेमियों ने कहा कि संगीता जायसवाल की प्रस्तुति में केवल सुरों की मिठास ही नहीं, बल्कि गीत की आत्मा भी महसूस हो रही थी। उन्होंने इस कालजयी रचना को पूरी संवेदनशीलता और सम्मान के साथ प्रस्तुत कर लता मंगेशकर को अपनी संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। गीत समाप्त होते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित लोगों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।
आयोजन की प्रमुख विशेषताओं में लाइव सिंगिंग, मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां, रोचक गेम्स और सरप्राइज गिफ्ट्स शामिल रहे। प्रसिद्ध जादूगर शशांक के मैजिक शो ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी पवन सिंह चौहान उपस्थित रहे। संस्था के संरक्षक राजेश जायसवाल, संस्थापक अध्यक्ष अजय श्रीवास्तव तथा अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का शॉल, बुके और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
संस्था की डायरेक्टर डॉ. जया श्रीवास्तव ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई प्रतिभाओं को मंच देना और भारतीय संगीत एवं संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि कला समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। वहीं राजेश जायसवाल ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कलाकारों को सम्मान और पहचान दिलाने के साथ-साथ सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में शहर के अनेक कलाकारों, बच्चों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो और सम्मान चिह्न प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया। सफल आयोजन के लिए संस्था की ओर से सभी कलाकारों, अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।