
रामनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को रामनगर पीजी कॉलेज परिसर में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षकों आराधना शुक्ला, महक, तान्या एवं पूर्णिमा के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। उपस्थित लोगों ने प्राणायाम, ताड़ासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक शरद अवस्थी, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्रा, उपजिलाधिकारी आनंद तिवारी, रानी मृणालिनी सिंह, पूर्व चेयरमैन बद्री विशाल त्रिपाठी, भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय मिश्रा, पूर्व जिला मंत्री बाल मुकुंद गुप्ता, संजय रावत, विमलेश तथा लवकेश सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सहभागिता की।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है तथा मानसिक तनाव को भी दूर कर सकता है।
पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है और विश्व के अनेक देश अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाकर भारतीय संस्कृति का सम्मान कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग के माध्यम से स्वस्थ, निरोग और सकारात्मक जीवन जीने का संकल्प लिया। आयोजन के सफल संचालन के लिए महाविद्यालय प्रशासन एवं योग प्रशिक्षकों की सराहना की गई।