जल शक्ति मंत्री ने किया बाढ़ संभावित क्षेत्र का निरीक्षण: अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पंकज चतुर्वेदी

बाराबंकी। मानसून के सक्रिय होते ही संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए प्रदेश सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह गुरुवार को रामनगर तहसील के सूरतगंज विकासखंड स्थित तेवराइपुरवा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ संभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने तटबंधों, कटान संभावित स्थलों और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए रखी जाए।

निरीक्षण के बाद जल शक्ति मंत्री ने तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बाढ़ सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि तटबंधों की नियमित निगरानी की जाए तथा जहां कहीं कटान, रिसाव अथवा किसी प्रकार की क्षति की आशंका हो, वहां तत्काल मरम्मत और सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं। मंत्री ने कहा कि संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत एवं बचाव की सभी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं, ताकि आपात स्थिति में बिना किसी देरी के राहत कार्य शुरू किया जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को नावों, राहत सामग्री, खाद्यान्न, स्वच्छ पेयजल, आवश्यक दवाइयों, पशुओं के चारे तथा सुरक्षित आश्रय स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय रखने, सिंचाई, राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और नागरिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से जल शक्ति मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी व्यक्ति को असुविधा नहीं होने दी जाएगी तथा प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ राहत एवं बचाव कार्य संचालित करेगा।

इस अवसर पर रामनगर के निवर्तमान विधायक शरद कुमार अवस्थी, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।