
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी की शुक्रवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल लखनऊ के सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक हार्ट अटैक की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी जांच और उपचार में जुटी हुई है तथा उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सपा के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से मुलाकात कर राजेंद्र चौधरी के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके इलाज को लेकर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अस्पताल में समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी पहुंचने लगे, जिससे अस्पताल परिसर में राजनीतिक हलचल बढ़ गई।
इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जारी
वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक राजेंद्र चौधरी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी लगातार निगरानी की जा रही है और मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही उनकी स्थिति को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। फिलहाल उनका इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में जारी है।