CM योगी ने मेदांता पहुंचकर महंत नृत्य गोपाल दास का जाना हाल, डॉक्टरों से ली स्वास्थ्य की जानकारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्य महंत नृत्य गोपाल दास महाराज से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का जाना। सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए इलाज कर रहे डॉक्टरों से भी स्वास्थ्य संबंधी विस्तृत जानकारी ली। वहीं डॉक्टरों ने सीएम योगी को बताया कि महंत की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है, संक्रमण अब नियंत्रण में है और उनकी सेहत पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।

बता दें कि महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून को सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के अनुसार उन्हें पांच दिनों से आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। गुरुवार को जारी मेडिकल बुलेटिन में अस्पताल ने बताया कि उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और यदि स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार जारी रहा तो अगले एक-दो दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ और उनकी टीम लगातार कर रही है उपचार

मेदांता अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि 89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून की दोपहर अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में उन्हें सांस लेने में तकलीफ के साथ मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई) की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल आईसीयू में भर्ती किया गया। क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप दुबे और उनकी टीम लगातार उनका उपचार कर रही है तथा उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार दर्ज किया जा रहा है।

महंत नृत्य गोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और अयोध्या में राम मंदिर आंदोलन से लेकर भूमि पूजन, मंदिर निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा जैसे ऐतिहासिक अवसरों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर से उनके श्रद्धालुओं और समर्थकों में राहत का माहौल है।