डीहा चौराहे पर दर्दनाक सड़क हादसा: सुपरो डाला की टक्कर से युवक की मौत, वाहन चालक गिरफ़्तार

कोठी/बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के डीहा चौराहे पर शुक्रवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। जैदपुर-देवीगंज मार्ग पर तेज रफ्तार सुपरो डाला (छोटा हाथी) और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 30 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी का सुहाग उजड़ गया, जबकि तीन वर्षीय बेटे और छह माह के मासूम के सिर से पिता का साया उठ गया।

तेज रफ्तार सुपरो डाला ने मारी जोरदार टक्कर, बाइक के उड़ गए परखच्चे

जानकारी के अनुसार, रेवती का पुरवा मजरा देवकली निवासी शिव प्रसाद वर्मा (30) पुत्र कौशल किशोर शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे सिद्धौर कस्बे से अपने गांव बाइक संख्या UP41 AL 5892 से लौट रहे थे। जैसे ही वह डीहा चौराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार सुपरो डाला (UP32 QT 2210) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता, चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तत्काल डायल-108 एंबुलेंस और डायल-112 पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान ग्रामीणों ने सुपरो डाला चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर पहुंचाया गया, जहां से उनकी हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, गांव में पसरा मातम

शिव प्रसाद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। करीब नौ वर्ष पहले विवाह बंधन में बंधे शिव प्रसाद अपने पीछे पत्नी, तीन वर्षीय पुत्र कार्तिक और छह माह के बेटे रवि को छोड़ गए। एक पल में दोनों मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया, जबकि पत्नी का सुहाग उजड़ गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पुलिस कर रही विधिक कार्रवाई

सूचना पर पहुंची कोठी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सुपरो डाला चालक को हिरासत में लेने के साथ ही दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।