भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4-5 जुलाई को लखनऊ दौरे पर, 42 स्थानों पर होगा भव्य स्वागत

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 4 और 5 जुलाई को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर राजधानी लखनऊ आएंगे। उनके प्रथम लखनऊ आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों में उत्साह का माहौल है। पार्टी ने उनके स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष 4 जुलाई को पूर्वाह्न 11:05 बजे चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।


एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक राष्ट्रीय अध्यक्ष की भव्य स्वागत यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कृष्णानगर मोड़, आलमबाग, टी.एन. चतुर्वेदी चौराहा, चारबाग, दीनदयाल स्मृतिका, महाराणा प्रताप चौराहा और बर्लिंगटन चौराहा होते हुए प्रदेश मुख्यालय पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में 42 स्थानों पर व्यापारी संगठनों, अधिवक्ताओं, सामाजिक संस्थाओं, भाजपा के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और स्वागत किया जाएगा।
प्रदेश मुख्यालय पहुंचने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों की समीक्षा की जाएगी।
इसके बाद नितिन नवीन हनुमान सेतु मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात गोमतीनगर स्थित होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठन-सरकार के समन्वय और आगामी रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद भाजपा प्रदेश कोर कमेटी की बैठक भी आयोजित होगी।
शाम को राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर उनसे मुलाकात करेंगे और रात्रिभोज में शामिल होंगे। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति पर भी चर्चा होने की संभावना है।


5 जुलाई का कार्यक्रम
दूसरे दिन राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व प्रदेश अध्यक्षों के साथ संवाद करेंगे तथा एनडीए गठबंधन के नेताओं की संयुक्त बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद वे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। साथ ही संघ कार्यालय भारती भवन में विचार परिवार के प्रमुख सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
दोपहर बाद वे राष्ट्र प्रेरणा स्थल का अवलोकन करेंगे और वहीं आयोजित शक्ति केंद्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी संगठनात्मक अभियानों की रणनीति पर चर्चा होगी।
दौरे के अंतिम चरण में राष्ट्रीय अध्यक्ष पीरनगर स्थित बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। इसके बाद वह चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से स्वागत यात्रा एवं सभी कार्यक्रमों में समय से पहुंचकर अधिकतम सहभागिता करने की अपील की है।