VHP की बैठक में आगामी कार्यक्रमों की बनी रणनीति, हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों पर सजगता से कार्य करने का आह्वान

पंकज चतुर्वेदी

रामनगर (बाराबंकी)। विश्व हिंदू परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को रामनगर स्थित स्थानीय कार्यालय में प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण करते हुए योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राहुल कुमार ने बताया कि 5 से 12 जुलाई के मध्य बजरंग दल द्वारा सेवा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा सप्ताह के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृहद स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही सेवा बस्तियों में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

संगठन को समाज हित में निरंतर कार्य करना होगा

बैठक में अखंड भारत संकल्प दिवस तथा बजरंग दल की राष्ट्रीय साहसिक यात्रा ‘बाबा बुढ़ा अमरनाथ चट्टानी’ सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। राहुल कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज के सामने मौजूद विभिन्न ज्वलंत मुद्दों एवं चुनौतियों के प्रति सजग रहते हुए संगठन को समाज हित में निरंतर कार्य करना होगा। उन्होंने संगठन की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और जनसंपर्क बढ़ाने पर भी बल दिया।

इनकी रही मौजूदगी

बैठक में जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख सुमित्रा प्रसाद शुक्ला, जिला सह सेवा प्रमुख विनय मिश्रा, बजरंग दल प्रखंड संयोजक श्रीकांत, सहसंयोजक त्रिभुवन, राघवेंद्र, करण सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।