UP में थमी मानसून की रफ्तार: 59 जिलों में वज्रपात का अलर्ट, 7 जुलाई से अच्छी बारिश की संभावना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। इसके चलते अधिकांश जिलों में केवल हल्की बारिश या बूंदाबांदी ही देखने को मिल रही है। तेज धूप और कम बारिश के कारण उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे लोगों को फिलहाल निराशा हाथ लगी है। रविवार को वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, इटावा, सुल्तानपुर, बरेली और मेरठ समेत करीब 10 जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क और उमस भरा बना रहा।

सोमवार को व्यापक बारिश की संभावना कम

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश के अधिकांश इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। केवल कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि मध्य प्रदेश की सीमा से लगे बुंदेलखंड के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

59 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 59 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी जारी की है। चेतावनी वाले प्रमुख जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, फतेहपुर, उन्नाव, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, गाजीपुर, बलिया, मऊ, देवरिया, अमेठी, अयोध्या और अंबेडकरनगर सहित कई जिले शामिल हैं।

7 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार 7 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना है। इसके बाद प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। इससे लोगों को उमस से राहत मिलने के साथ तापमान में भी गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है।

लखनऊ में शाम की बारिश से मिली राहत

राजधानी लखनऊ में रविवार को दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहा। शहर के बाहरी इलाकों में दिन के समय हल्की बारिश हुई, जबकि अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सूखा रहा। शाम के समय तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दिलाई। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक केवल छिटपुट बारिश की ही संभावना है और अच्छी मानसूनी बारिश के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।