एसएसबी की अपर महानिदेशक ने 42वीं व 59वीं वाहिनी का किया निरीक्षण, सीमा सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


बहराइच।सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की अपर महानिदेशक रेखा लोहानी ने बहराइच स्थित 42वीं एवं 59वीं वाहिनी का दो दिवसीय निरीक्षण कर सीमा सुरक्षा व्यवस्था और जवानों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। 42वीं वाहिनी मुख्यालय पहुंचने पर कमांडेंट गिरीश चंद पांडेय एवं कैलाश चंद्र रमोला ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान अपर महानिदेशक ने अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर उनकी उपलब्धियों, कार्यप्रणाली तथा सेवा संबंधी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन एवं सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद उन्होंने रुपईडीहा सीमा चौकी (बीओपी), एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) तथा कस्टम परिसर का निरीक्षण कर सीमा पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के उपरांत उन्होंने नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) के अधिकारियों के साथ सीमा प्रबंधन, समन्वय और द्विपक्षीय सहयोग को लेकर चर्चा की।
इस अवसर पर डीआईजी लखीमपुर वी. विक्रमण, उप महानिरीक्षक राजेश ठाकुर (लखनऊ) सहित एसएसबी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।