
लखनऊ। सीतापुर रोड स्थित साढ़ामऊ के राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव रवि रंजन ने चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. राकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि रवि रंजन ने पौधारोपण के बाद उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।

पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है
राम सागर मिश्र चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मातृत्व, प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी संवेदनशीलता और दायित्व का प्रतीक है। उन्होंने सभी से पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की। वहीं विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य अभियान को जन-जन तक पहुंचाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

वरिष्ठ चिकित्सक समेत सभी स्वास्थ्यकर्मी रहे मौजूद
कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीके. शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर पूर्व निदेशक बलरामपुर अस्पताल डॉ. सुशील प्रकाश, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कामेश गौतम, डॉ. अशोक, डॉ. पूजा, डॉ. मिथिलेश, डॉ. पुष्पेंद्र लता, डॉ. रियाज, अरविन्द श्रीवास्तव, आलोक, महेश, दिलीप सहित चिकित्सालय के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।