
लखनऊ। कानपुर के संगीत प्रेमियों के लिए 29 अगस्त 2026 की शाम बेहद खास होने जा रही है। देश की प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर और सुप्रसिद्ध गजल गायिका प्रतिभा सिंह बघेल पहली बार अपने चर्चित संगीत कार्यक्रम ‘जज़्बात–ए सोलफुल सेलिब्रेशन ऑफ पोएट्री एंड गजल्स’ के साथ कानपुर आ रही हैं। इस विशेष संगीत संध्या का आयोजन वर्ल्ड ऑफ म्यूज़िशियंस द्वारा हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में शायरी, सदाबहार गजलों और मधुर सुरों का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो दर्शकों को भावनाओं और संगीत की एक अनूठी दुनिया में ले जाएगा।
कार्यक्रम की घोषणा के बाद से ही कानपुर और आसपास के संगीत प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। गजल और सूफियाना संगीत के प्रशंसक बेसब्री से उस पल का इंतजार कर रहे हैं, जब देश की सबसे लोकप्रिय और संवेदनशील आवाज़ों में शुमार प्रतिभा सिंह बघेल लाइव मंच से अपनी प्रस्तुति देंगी। माना जा रहा है कि यह आयोजन शहर के सांस्कृतिक कैलेंडर का एक महत्वपूर्ण आकर्षण साबित होगा।
शास्त्रीय संगीत की मजबूत नींव और गजल गायकी की अलग पहचान
प्रतिभा सिंह बघेल अपनी मजबूत शास्त्रीय संगीत की पृष्ठभूमि और भावपूर्ण गायकी के लिए देशभर में विशेष पहचान रखती हैं। उन्होंने पारंपरिक गजल गायकी की गरिमा को आधुनिक संगीत की संवेदनाओं के साथ खूबसूरती से जोड़ा है। उनका चर्चित कार्यक्रम ‘जज़्बात’ प्रेम, विरह, संवेदनाओं, शायरी और उर्दू अदब की खूबसूरती को संगीत के माध्यम से जीवंत करता है। उनकी प्रस्तुति श्रोताओं को सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि भावनाओं और साहित्य से जुड़ा एक आत्मीय अनुभव भी प्रदान करती है।
देशभर में उत्कृष्ट लाइव म्यूजिक अनुभव देने की दिशा में WOM का एक और कदम
कानपुर में ‘जज़्बात’ का आयोजन वर्ल्ड ऑफ म्यूज़िशियंस की उस सोच का महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसके तहत संस्था देशभर के विभिन्न शहरों में उच्च स्तरीय लाइव संगीत कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। एक अग्रणी टैलेंट एवं इवेंट क्यूरेशन एजेंसी के रूप में लगातार ऐसे कार्यक्रम प्रस्तुत कर रही है, जो भारतीय संगीत और गजल जैसी समृद्ध कला विधाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ कलाकारों और श्रोताओं के बीच सार्थक संवाद का अवसर भी प्रदान करते हैं।