लखनऊ। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) के अंतर्गत कार्यरत टीबी कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा, सेवा स्थायित्व और उज्ज्वल भविष्य की कामना को लेकर चित्रकूट धाम में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ (पंजी.), जिसे उत्तर प्रदेश टीबी कर्मचारी संघ के नाम से भी जाना जाता है, के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र के नेतृत्व में भगवान श्री कामतानाथ जी की पावन परिक्रमा की गई। इसके बाद बरहा हनुमान मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन एवं भव्य महाआरती संपन्न हुई।

इस अवसर पर चित्रकूट सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे टीबी कर्मचारियों और संगठन पदाधिकारियों ने भगवान कामतानाथ एवं संकटमोचन हनुमान जी के श्रीचरणों में प्रदेश के सभी टीबी कर्मचारियों की सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य, सम्मान, सेवा स्थायित्व और उनके परिवारों के सुख-समृद्धि एवं सुरक्षित भविष्य की सामूहिक प्रार्थना की।
प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्र ने कहा कि टीबी कर्मचारी वर्षों से संक्रमण के जोखिम के बीच रहकर देश को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय अभियान में पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य कर रहे हैं। अनेक कर्मचारी प्रतिदिन टीबी मरीजों के सीधे संपर्क में रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में कई समर्पित कर्मचारियों के असमय निधन ने पूरे कर्मचारी परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। इसी कारण हवन एवं महाआरती के दौरान दिवंगत साथियों की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की गई तथा वर्तमान कर्मचारियों की सुरक्षा, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई।
उन्होंने कहा कि भगवान कामतानाथ के दरबार में यह भी प्रार्थना की गई कि प्रदेश सरकार टीबी कर्मचारियों के सम्मान, सामाजिक सुरक्षा, सेवा स्थायित्व, समय पर वेतन और कर्मचारी हितों से जुड़े लंबित विषयों पर सकारात्मक निर्णय ले, ताकि जनस्वास्थ्य की सेवा में जुटे कर्मचारियों का मनोबल और अधिक मजबूत हो तथा उनके परिवारों का भविष्य सुरक्षित बन सके।
कार्यक्रम के अंत में सभी कर्मचारियों ने समाज को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा कर्मचारी हितों की रक्षा के लिए संगठित होकर कार्य करने का संकल्प दोहराया। आयोजन में धार्मिक आस्था, दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि और कर्मचारियों की एकजुटता का भाव स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।