खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता पर प्रशासन सख्त: SDM ने सहकारी समितियों और निजी दुकानों का किया औचक निरीक्षण

बाराबंकी। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर और निर्धारित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में एसडीएम रामनगर ने बुधवार को क्षेत्र की साधन सहकारी समितियों और निजी खाद दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक के स्टॉक, बिक्री व्यवस्था, अभिलेखों और पीओएस मशीन के संचालन की गहन जांच की गई। कुछ स्थानों पर रिकॉर्ड और उपलब्ध स्टॉक में अंतर पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

एसडीएम ने साधन सहकारी समिति नहरवल, तेलियानी और गनेशपुर का निरीक्षण करने के बाद रामनगर कस्बे की निजी खाद दुकानों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, बिल बुक और पीओएस मशीन का सत्यापन किया। साथ ही दुकानों के बाहर प्रदर्शित उर्वरक की रेट लिस्ट और उपलब्ध स्टॉक का मिलान कराया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है और बिक्री प्रक्रिया शासन के निर्देशों के अनुरूप संचालित हो रही है।

पीओएस मशीन के माध्यम से ही खाद का वितरण किया जाए

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने किसानों से भी सीधे संवाद कर खाद की उपलब्धता, निर्धारित मूल्य पर बिक्री और किसी प्रकार की अतिरिक्त वसूली के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने सभी उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया कि आधार सत्यापन के बाद केवल पीओएस मशीन के माध्यम से ही खाद का वितरण किया जाए तथा प्रत्येक किसान को अनिवार्य रूप से पक्की रसीद उपलब्ध कराई जाए, ताकि लेन-देन में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।

एसडीएम ने दी चेतावनी

एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी भी विक्रेता के खिलाफ निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली, खाद की टैगिंग अथवा कालाबाजारी की शिकायत सही पाई गई तो उसका लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम भी सक्रिय रखा गया है। निरीक्षण के दौरान राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।