
पंकज चतुर्वेदी
बाराबंकी। श्रावण मास में शिव मंदिरों और मेला स्थलों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए डीएम ईशान प्रताप सिंह ने विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में आयोजित विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने अधिकारियों को प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शिव मंदिरों में खंभों को किया जाएगा सुरक्षित, जलभराव रोकने के निर्देश
बैठक में डीएम ने श्री लोधेश्वर महादेवा, श्री अवशानेश्वर महादेव मंदिर सहित जनपद के सभी प्रमुख शिव मंदिरों और मेला स्थलों की विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसरों में लगे सभी विद्युत खंभों को आवश्यक ऊंचाई तक प्लास्टिक या अन्य उपयुक्त इंसुलेटिंग सामग्री से सुरक्षित किया जाए। साथ ही खंभों के आसपास किसी भी प्रकार का गड्ढा न रहे, ताकि बारिश के दौरान पानी जमा न हो और करंट लगने जैसी दुर्घटनाओं की आशंका खत्म हो सके।
अस्थायी दुकानों का होगा विद्युत सुरक्षा ऑडिट
डीएम बाराबंकी ने मेला क्षेत्रों में लगने वाली सभी अस्थायी दुकानों का विद्युत सुरक्षा ऑडिट कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुकान के विद्युत कनेक्शन, वायरिंग और अन्य बिजली संबंधी व्यवस्थाओं की गहन जांच कराई जाए तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उपभोक्ताओं से बेहतर व्यवहार और घर-घर मीटर रीडिंग के निर्देश
समीक्षा बैठक में डीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को उपभोक्ताओं के साथ शिष्ट और सकारात्मक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक जानकारी सरल और सहज तरीके से उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा घर-घर जाकर मीटर रीडिंग करने, त्रुटिरहित बिलिंग सुनिश्चित करने और बिलिंग प्रतिशत निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही जर्जर तारों और खंभों की नियमित निगरानी कर समयबद्ध तरीके से आवश्यक मरम्मत कराने पर जोर दिया।
मानसून में बिजली आपूर्ति बाधित न हो, टीमें रहें अलर्ट
मानसून और खराब मौसम के मद्देनजर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग की टीमों को पूरी सक्रियता के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाइन फॉल्ट या अन्य तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द बहाल की जाए, ताकि आम जनता और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं बैठक में अधीक्षण अभियंता विद्युत भविष्य कुमार, अधिशासी अभियंता विद्युत घनश्याम त्रिपाठी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।