लखनऊ के इको गार्डन में आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इको गार्डन में शनिवार को आजाद समाज पार्टी का धरना-प्रदर्शन जारी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के धरना स्थल पर पहुंचने की तैयारी है। उनके आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और छात्र इको गार्डन पहुंच चुके हैं। प्रदेश के विभिन्न जिलों से समर्थकों का लगातार पहुंचना जारी है, जिससे धरना स्थल पर भीड़ बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता ‘भीम क्रांतिकारी’ के नारे लगा रहे हैं और मंच से लगातार सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है।

धरने में शामिल प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज, विभिन्न पेपर लीक मामलों और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान जिन पुलिसकर्मियों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं, उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। इसके साथ ही लाठीचार्ज में प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है। धरना स्थल पर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता डफली बजाकर नारेबाजी कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

बड़ी संख्या में युवा और छात्र हुए शामिल

पार्टी के प्रदेश महासचिव अनिकेत धनुक ने बताया कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने बताया कि आजाद समाज पार्टी लगातार तीसरे दिन इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है और शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी इसमें शामिल होंगे। अनिकेत धनुक ने कहा कि बड़ी संख्या में युवा और छात्र समाज में बदलाव की सोच के साथ इस आंदोलन में शामिल हुए हैं और शिक्षा तथा छात्रों के अधिकारों के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं।