श्रावण मास-नाग पंचमी मेले की तैयारियों का डीएम ने किया निरीक्षण: श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

बाराबंकी। आगामी श्रावण मास एवं नाग पंचमी के अवसर पर तहसील नवाबगंज के ग्राम मजीठा स्थित प्रसिद्ध श्री नाग देवता मजीठा धाम में आयोजित होने वाले विशाल मेले की तैयारियों का जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर परिसर, मेला स्थल, पार्किंग व्यवस्था, आवागमन मार्ग, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर ली जाएं।

यातायात व्यवस्था और सुरक्षा पर विशेष जोर

निरीक्षण के दौरान डीएम बाराबंकी ने क्षेत्राधिकारी यातायात से मेले के दौरान प्रस्तावित रूट डायवर्जन, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि श्रावण मास और नाग पंचमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन के लिए मजबूत बैरिकेडिंग करने, पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित संचालन करने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार रखने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता

डीएम बाराबंकी ईशान प्रताप सिंह ने कहा कि श्रावण मास एवं नाग पंचमी के अवसर पर मजीठा धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मेला परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।