उन्नाव। श्रावण मास में भगवान शिव के भक्तों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष अभियान चलाया है। विभाग ने उन्नाव शहर के मगरवारा स्थित गोकुल बाबा गेट से मंदिर तक जाने वाले मार्ग पर पैचिंग कार्य कर सड़क को दुरुस्त कराया है। इससे कांवड़ लेकर आने-जाने वाले हजारों श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

शासन के निर्देश पर अधिशाषी अभियंता हरिदयाल अहिरवार के नेतृत्व में इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया। विभाग के अनुसार, सावन में शिवालयों तक जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसे देखते हुए सड़क के गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत कर मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाया गया है।
विभाग ने केवल मगरवारा-गोकुल बाबा मंदिर मार्ग ही नहीं, बल्कि जिले के अन्य प्रमुख कांवड़ मार्गों पर भी पैचिंग एवं मरम्मत कार्य कराया है। जहां-जहां सड़कें खराब थीं, वहां तत्काल सुधार कार्य कराकर यातायात को बेहतर बनाया गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
स्थानीय लोगों ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सावन के दौरान इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त गुजरते हैं। सड़क की मरम्मत होने से दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी और यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनेगी।
लोक निर्माण विभाग ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी प्रमुख मार्गों की नियमित निगरानी की जा रही है। यदि कहीं सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलती है तो तत्काल मरम्मत कराई जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को निर्बाध और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलती रहे।
अधिशाषी अभियंता हरिदयाल अहिरवार ने कहा,
“श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सुविधा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पैचिंग एवं आवश्यक मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराया गया है। यात्रा अवधि के दौरान भी लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।”