JNM पीजी कॉलेज में दीक्षारंभ कार्यक्रम का भव्य आयोजन: विद्यार्थियों को दी गई नई शिक्षा नीति-व्यक्तित्व विकास की जानकारी

बाराबंकी। जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज, बाराबंकी में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अवसर पर बीए, बीएससी, बीबीए एवं बीसीए में प्रवेश लेने वाले नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम का सफल एवं सार्थक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सीताराम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण, साहित्यिक एवं सामाजिक गतिविधियों तथा अनुशासित शैक्षिक संस्कृति से विस्तारपूर्वक परिचित कराया।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करता है, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ कौशल विकास और जीवन मूल्यों पर विशेष बल दिया जाता है। अपने संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को नई चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा अपने व्यक्तित्व को निरंतर विकसित करने का संदेश दिया।

पाठ्यक्रम की नई व्यवस्था को सरल भाषा में समझाया गया

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. संतोष कुमार गौड़ ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की विस्तार से जानकारी देते हुए मेजर एवं माइनर विषयों, को-करिकुलम, मिड-टर्म परीक्षा, परियोजना कार्य तथा पाठ्यक्रम की नई व्यवस्था को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने का मूल मंत्र दिया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। वहीं कार्यक्रम का संचालन प्रो. मनीष पाण्डेय ने किया।

बड़ी संख्या में शिक्षक छात्र-छात्राएं रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रो. विजय कुमार वर्मा, प्रो. अमित कुमार, डॉ. नीलम प्रभा, डॉ. शालिनी गुप्ता, डॉ. दीप्ति पोरवाल, डॉ. नेहा सिंह, मंजेश कुमार वर्मा, आलोक कुमार श्रीवास्तव एवं अंकित कुमार सहित महाविद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। छात्र-छात्राओं से खचाखच भरे सभागार में आयोजित यह दीक्षारंभ कार्यक्रम अत्यंत उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ।