प्रतापगढ़ में बारिश के बीच जर्जर मकान ढहा, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत, 1 घायल

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगातार हो रही बारिश के बीच करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय पूरा परिवार एक ही कमरे में सो रहा था, जिससे सभी मलबे में दब गए।
हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।


बताया जा रहा है कि मकान में लगे एसी के कारण पूरा परिवार एक ही कमरे में सो रहा था। इसी दौरान कमजोर हो चुका पुराना मकान बारिश के चलते ढह गया और सभी लोग मलबे में दब गए। मृतकों में माता, पिता, बहू, बेटा और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर है।


घटना की सूचना मिलते ही सीओ सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत टीमों की मदद से मलबा हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला गया। हालांकि छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मकान के अत्यधिक पुराने और जर्जर होने के साथ लगातार बारिश को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान की हालत लंबे समय से खराब थी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे महुली मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन ने प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।