माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद की झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई। क्रेटा कार डिवाइडर से टकराई, दोस्त सोनू की भी मौत।

नई दिल्ली/अमर भारती। माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर गुरुवार को झांसी से सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसके दोस्त अहजम उर्फ सोनू की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा झांसी जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खिल्ली के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
तेज रफ्तार क्रेटा कार डिवाइडर से टकराई
जानकारी के अनुसार, प्रयागराज से झांसी की ओर आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूंछ पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने अबान अहमद और उसके दोस्त अहजम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल लोगों का इलाज जारी है।
एसएसपी ने की हादसे की पुष्टि
झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पूंछ थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों में अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद और उसका साथी अहजम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में वाहन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।
घायल ने बताई अबान की पहचान
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद जब घायलों से पूछताछ की गई तो एक घायल ने बताया कि मृतकों में शामिल युवक अबान अहमद है, जो माफिया अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा है। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हलचल बढ़ गई।
अली अहमद से मिलने जा रहा था अबान
बताया जा रहा है कि अबान अहमद झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना के बाद अतीक अहमद के परिवार से जुड़े इस नए घटनाक्रम ने एक बार फिर झांसी को चर्चा में ला दिया है।
झांसी से अतीक परिवार का तीसरा बड़ा कनेक्शन
अतीक अहमद परिवार का झांसी से यह तीसरा बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। इससे पहले 13 अप्रैल 2023 को अतीक अहमद के बेटे असद अहमद का एनकाउंटर झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में हुआ था। असद अहमद उमेश पाल हत्याकांड में वांछित था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। एसटीएफ की कार्रवाई में असद के साथ उसके सहयोगी गुलाम हसन की भी मौत हुई थी। इसके बाद अतीक के दूसरे बेटे अली अहमद को झांसी जेल में रखा गया। अब अली से मिलने जा रहे छोटे भाई अबान की सड़क हादसे में मौत की खबर ने एक बार फिर अतीक परिवार को सुर्खियों में ला दिया है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस हादसे के हर पहलू की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दुर्घटना केवल तेज रफ्तार के कारण हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हादसे की पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
यहां भी पढ़ें-
Punjab Terror Module Busted: ISI समर्थित संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार