
सदर विधानसभा प्रभारी एवं बसपा प्रत्याशी मोहम्मद मो. मुबश्शिर ने पत्रकारों से किया संवाद, बसपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाया
बाराबंकी। सदर विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी ने आगामी चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में सदर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं बसपा प्रत्याशी मोहम्मद मो. मुबश्शिर ने सोमवार को पत्रकारों के साथ चाय पर चर्चा कर अपना परिचय दिया। उन्होंने मीडिया से संवाद स्थापित करते हुए बसपा की विचारधारा, संगठन की नीतियों तथा पार्टी की सरकार के कार्यकाल में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं।
चाय पर आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में मुबश्शिर ने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का जरिया है। उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता लंबे समय से सड़क, जलभराव, नाली, बिजली, पेयजल, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी समस्याओं से जूझ रही है। इन समस्याओं को गंभीरता से समझने और संबंधित मंच पर मजबूती से उठाने की आवश्यकता है।
बसपा प्रत्याशी ने पत्रकारों को अपना परिचय देते हुए कहा कि वह क्षेत्र में लगातार लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उनका प्रयास है कि विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग और प्रत्येक हिस्से की वास्तविक समस्याओं को करीब से समझा जाए। उन्होंने कहा कि जनता के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, विकास की दिशा उतनी ही स्पष्ट होगी।
उन्होंने बहुजन समाज पार्टी की पूर्व सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि बसपा की सरकार ने प्रदेश में कानून-व्यवस्था के साथ-साथ विकास और सामाजिक न्याय को प्राथमिकता दी थी। गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की गईं। उन्होंने कहा कि बसपा सरकार के दौरान दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा गया।
मुबश्शिर ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को मजबूत करना आज भी सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार की सफलता का आकलन इस बात से होना चाहिए कि उसकी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक कितना पहुंचा।
पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं का स्थायी समाधान उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद भी जनता से दूरी नहीं बनाई जाएगी, बल्कि नियमित रूप से क्षेत्र में संवाद और जनसंपर्क जारी रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता ने अवसर दिया तो विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं को सदन में प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने मीडिया की भूमिका पर भी अपने विचार रखे। मुबाश्शिर ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता जनता की आवाज को शासन और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। निष्पक्ष पत्रकारिता के जरिए क्षेत्र की वास्तविक समस्याएं सामने आती हैं और प्रशासन को भी उनके समाधान की दिशा में काम करने का अवसर मिलता है। उन्होंने पत्रकारों से सदर विधानसभा की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने की अपील की।
चाय पर हुई चर्चा के दौरान पत्रकारों ने भी विधानसभा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सवाल किए। बसपा प्रत्याशी ने कहा कि वह जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर गंभीरता से काम करने के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ किसी एक वर्ग तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना चाहिए।
मुबाश्शिर ने कहा कि बसपा की राजनीति सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय की भावना पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को बताने तथा लोगों की समस्याओं को सुनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में बसपा प्रत्याशी ने पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी मीडिया के साथ निरंतर संवाद बनाए रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता की आवाज को मजबूती से उठाना ही उनका प्रमुख संकल्प है। चाय पर हुई इस चर्चा के जरिए उन्होंने जहां अपना परिचय कराया, वहीं आगामी चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं और जनसरोकारों की दिशा भी स्पष्ट की।