कोसीकलां में गूंजा ‘भारत माता की जय’ का जयघोष, निकली भव्य तिरंगा यात्रा


कोसीकलां (मथुरा)। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को कोसीकलां मंडल द्वारा भव्य एवं विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में लहराते तिरंगे, बुलंद हौसले और ‘भारत माता की जय’ व ‘वंदे मातरम्’ के गगनभेदी जयघोषों से पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
यात्रा संयोजक कमल किशोर वार्ष्णेय एवं मंडल अध्यक्ष सौरभ जैन के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का शुभारंभ गांधी पार्क से हुआ। यात्रा घंटाघर चौराहा, बलदेवगंज, मुख्य बाजार एवं थाना रोड से होते हुए नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा में हिंदू इंटर कॉलेज, सरस्वती विद्या मंदिर, एसपीएस इंटरनेशनल अकैडमी, आदर्श विद्या मंदिर समेत करीब आधा दर्जन विद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों के उत्साह से पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
यात्रा मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने जल सेवा लगाकर यात्रियों की सेवा की और उनका उत्साहवर्धन किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय ने कहा, “तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘हर घर तिरंगा’ और ‘तिरंगा यात्रा’ के माध्यम से देश का प्रत्येक नागरिक राष्ट्रभक्ति के सूत्र में बंध रहा है। कोसीकलां की यह भव्य यात्रा जन-जन के मन में देशप्रेम और एकता की भावना का प्रमाण है।”
यात्रा संयोजक कमल किशोर वार्ष्णेय ने नगरवासियों, व्यापारियों और विद्यार्थियों का आभार जताते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा को जिस तरह लोगों का समर्थन मिला, वह उत्साह बढ़ाने वाला है।
मंत्री प्रतिनिधि नरदेव चौधरी ने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, अखंडता और वीरों के बलिदान को नमन करने का अवसर है। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से देश को आजादी मिली और आज हम खुले आसमान में स्वतंत्रता की सांस ले रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सतीश वाल्मीकि, नगर पालिका अध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, भाजपा छाता विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं वरिष्ठ नेता तरुण सेठ, सीमा रानी सेठ, पूर्व सभासद विकास जैन, सभासद श्वेता जैन, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष भगवत रूहेला, पूर्व भाजपा अध्यक्ष महेश शर्मा, दीपक बडगूजर खटीक, इन्द्रपाल धनगर, विनय उपाध्याय, सत्यवीर सांगवान, कल्पेश जैन, पवन ठाकुर और मंडल मीडिया प्रभारी भरत शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगों से सजे कोसीकलां में निकली इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले नगर में राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और स्वाभिमान का संदेश दिया।