बिलग्राम में गूंजे देशभक्ति के नारे, भव्य तिरंगा यात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत

बिलग्राम। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को बिलग्राम नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सुभाष पार्क के पास से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के बीच देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था। भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व नगर पालिका अध्यक्ष अनिल राठौर और ब्लॉक प्रमुख सतेन्द्र सिंह मुन्ना ने किया। सुभाष पार्क से शुरू हुई यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए ब्लॉक मुख्यालय पहुंची। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

नगर भ्रमण के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जुटी रही। तिरंगे से सजे मार्गों पर राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के बाद तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। इस दौरान लोगों ने राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशहित में एकजुट रहने का संकल्प लिया।

तिरंगा यात्रा में ब्लॉक प्रमुख सतेन्द्र सिंह मुन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष अनिल राठौर, भाजपा जिला मंत्री दीपा अमित विश्वास, समाजसेवी अनिल तिवारी व वंदना तिवारी, भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज गुप्ता, सभासद अवनीश शर्मा टोनू सहित पालिका एवं ब्लॉक के कर्मचारी और बड़ी संख्या में समाजसेवी व स्थानीय लोग मौजूद रहे।