
पलिया, लखीमपुर खीरी। सावन की भक्ति और आस्था से सराबोर पलिया नगर में बुधवार को उस समय शिवमय माहौल हो गया, जब हरिद्वार के लिए डाक कांवड़ लेकर रवाना हो रहे शिवभक्तों के जत्थे को हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में भव्य विदाई दी गई। कांवड़ियों के प्रस्थान के दौरान पूरा शहर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष से गूंज उठा।
डाक कांवड़ यात्रा को रवाना करने के लिए पलिया नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े। इस दौरान भाजपा नेता रवि गुप्ता, पूर्व केंद्रीय गृहराज्य मंत्री के प्रतिनिधि दीपक तलवार, राकेश रॉकी, राम प्रकाश भास्कर और राजू कुमार ने शिवभक्त कांवड़ियों पर गुलाब के फूलों की पुष्पवर्षा कर उनका उत्साह बढ़ाया।
भाजपा नेता एवं अन्य लोगों ने सभी कांवड़ यात्रियों को सुखद, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं। महादेव के जयकारों के बीच डाक कांवड़ को हरिद्वार के लिए रवाना किया गया।
कांवड़ियों के प्रस्थान के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने शिवभक्तों का स्वागत किया और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। युवाओं में डाक कांवड़ को लेकर विशेष उत्साह नजर आया।
बताया गया कि डाक कांवड़ यात्रा 17 अगस्त को पलिया वापस पहुंचेगी। इसके बाद शिवभक्त श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महादेव का पवित्र जल से जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक के उपरांत भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही इस वर्ष की कांवड़ यात्रा का विधिवत समापन होगा।