यूनियन इंटर कॉलेज से निकली तिरंगा यात्रा: राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा रामनगर, सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

बाराबंकी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की अगुवाई में शुक्रवार को यूनियन इंटर कॉलेज से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारे लिए छात्र-छात्राओं का कारवां कस्बे के विभिन्न मार्गों से होता हुआ थाने तक पहुंचा। यात्रा के दौरान कस्बे के दूसरे छोर पर स्थित रामनगर डिग्री कॉलेज के छात्र-छात्राओं की तिरंगा यात्रा भी इसमें शामिल हो गई। इसके बाद दोनों शिक्षण संस्थानों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी यात्रा में शामिल रहे और व्यवस्था संभालते नजर आए। करीब दो घंटे से अधिक समय तक चली इस यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बना।

देशभक्ति के गीतों से गूंजता रहा कस्बा, जगह-जगह हुआ स्वागत

तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों और नारों से पूरा कस्बा राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरी, वहां घरों और दुकानों से लोगों ने पुष्पवर्षा कर छात्र-छात्राओं का स्वागत किया। युवाओं में तिरंगे को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के बावजूद यात्रा के दौरान अनुशासन भी देखने को मिला। जोश और उत्साह के बीच विद्यार्थियों ने व्यवस्थित तरीके से यात्रा में हिस्सा लिया, जिससे पूरे आयोजन का माहौल गरिमामय बना रहा।

केपी तिवारी ने युवाओं को दिलाई क्रांतिकारियों के बलिदान की याद

यात्रा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार एवं भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष केपी तिवारी ने युवाओं के उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा यात्रा में युवाओं की भागीदारी और उनका जोश गर्व का विषय है। हाथों में तिरंगा, दिल में देशभक्ति और कदमों में अनुशासन ही भारत के युवा की पहचान है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए शहीद-ए-आजम भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रामप्रसाद बिस्मिल सहित अनगिनत क्रांतिकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आजादी के बाद भी वीर अब्दुल हमीद जैसे वीर जवानों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी उम्र भले ही कम रही हो, लेकिन उनका हौसला और राष्ट्र के प्रति समर्पण बेहद ऊंचा था।

युवाओं से विकसित और शक्तिशाली भारत के निर्माण का आह्वान

केपी तिवारी ने कहा कि आज के युवाओं में भी वही ऊर्जा, साहस और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा दिखाई देता है। देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है और उनकी ऊर्जा, अनुशासन तथा राष्ट्रभक्ति ही विकसित एवं शक्तिशाली भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ये लोग रहे मौजूद

तिरंगा यात्रा में यूनियन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कमलेश सिंह, डिग्री कॉलेज के प्राचार्य कौशलेन्द्र विक्रम मिश्र, सिद्धार्थ अवस्थी, डॉ. आजाद प्रताप सिंह, अनमोल तिवारी, रविकांत पांडेय, पवन ओझा, विश्वेत मिश्रा, शिवेंद्र राजा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। यात्रा के दौरान एबीवीपी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं को संभालते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।