पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार

सुलतानपुर। अखंडनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रायपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर 1 किलो 800 ग्राम अवैध मारफीन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त की सुबह अखंडनगर थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम रायपुर सर्विस लेन अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अंबेडकरनगर की ओर से लखनऊ की तरफ जा रही दो संदिग्ध कारें दिखाई दीं। पुलिस टीम को देखकर कार सवारों ने वाहन पीछे मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन असंतुलित हो गए और पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें खुर्शीद आलम और प्रशांत सिंह के दाहिने पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दो कारों से 1.8 किलो मारफीन बरामद
पुलिस की तलाशी में दोनों वाहनों से कुल 1 किलो 800 ग्राम मारफीन बरामद हुई। इसके अलावा घायल आरोपियों के कब्जे से दो .315 बोर के अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस भी बरामद किए गए। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही वर्ना और बलेनो कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
ओडिशा से गांजा और पंजाब से स्मैक लाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने संगठित गिरोह के रूप में मादक पदार्थों की तस्करी किए जाने की जानकारी दी। पुलिस का दावा है कि गिरोह ओडिशा से गांजा और पंजाब से स्मैक लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अलग-अलग रास्तों से पहुंचाता था। पुलिस की निगरानी से बचने के लिए तस्करी में दो अलग-अलग कारों का इस्तेमाल किया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुर्शीद आलम निवासी बलरामपुर, प्रशांत सिंह, रोहित तिवारी और अंकुर प्रजापति निवासी सुलतानपुर तथा रामबाबू उर्फ श्यामबाबू निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर अखंडनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 199/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस, 3/25/27 आर्म्स एक्ट तथा 8/21C/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, मादक पदार्थों की सप्लाई के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर ने कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार वर्मा, निरीक्षक अपराध सतीश चंद्र यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संतोष कुमार सहित अखंडनगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम शामिल रही।