
सत्येंद्र पंडित ने एत्मादपुर विधानसभा के शहरी क्षेत्रों में किया जनसंपर्क, समाजवादी पार्टी के लिए मांगा समर्थन
एत्मादपुर, आगरा। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सत्येंद्र पंडित ने एत्मादपुर विधानसभा (86) के शहरी क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने पार्टी की नीतियों, समाजवादी विचारधारा और जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों से संवाद किया तथा आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी को समर्थन देने की अपील की।
सत्येंद्र पंडित ने गुलाब नगर, चंदन नगर, भगवती बाग, शोभा नगर, श्याम नगर, पवन विहार, केके नगर, सती नगर, सीता नगर और राधा नगर सहित कई इलाकों का दौरा किया। उन्होंने घर-घर जाकर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनसंपर्क के दौरान लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्रीय मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।
गौरतलब है कि सत्येंद्र पंडित ने एत्मादपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के टिकट पर प्रत्याशी बनने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया है। आवेदन के बाद से ही वह लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं और ‘जन-जन से मुलाकात’ अभियान के तहत हर वर्ग के लोगों तक पहुंच रहे हैं। उनका उद्देश्य जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करना बताया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रही है और बदलाव की उम्मीद के साथ समाजवादी पार्टी की ओर देख रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की नीतियां ही आम जनता के हितों की रक्षा कर सकती हैं और विकास को गति दे सकती हैं।