रिपोर्ट -अभिषेक शुक्ला

जौनपुर। बदलापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रमेश मिश्रा करीब एक हजार शिवभक्तों के साथ दो दिवसीय कांवड़ यात्रा पर निकले। लगभग 40 किलोमीटर लंबी यह ‘बोल बम’ कांवड़ यात्रा चौरेश्वर महादेव, छंगापुर से शुरू होकर करसूल नाथ धाम कंधी मंदिर तक जाएगी। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं और गृहणियां भी शामिल रहीं। पूरे मार्ग में ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कांवड़ यात्रा के दौरान विधायक रमेश मिश्रा ने स्वयं कांवड़ उठाई और शिवभक्तों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यात्रा के दौरान आने वाली कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि रविवार को यात्रा की शुरुआत हुई है और करीब एक हजार कांवड़िये उनके साथ चल रहे हैं। रास्ता कठिन जरूर है, लेकिन कांवड़ यात्रा के दौरान मन में विश्वास और संकल्प और मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि मन में जो संकल्प है, वह भगवान भोलेनाथ की कृपा से जरूर पूरा होगा।
विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि “यह कांवड़ यात्रा आस्था, संकल्प, साधना और जनकल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ने का एक आध्यात्मिक प्रयास है। हर कदम हमें महादेव के और करीब ले जा रहा है।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और आस्था से गहराई से जुड़ी हुई है।
उन्होंने रामचरितमानस की चौपाई का उल्लेख करते हुए गोमती नदी के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व को भी रेखांकित किया। विधायक ने कहा कि प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और बदलापुर क्षेत्र के कल्याण के लिए उनका संकल्प इस यात्रा के साथ और मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि बदलापुर को जिला बनाने की मांग को लेकर उन्हें विश्वास है कि मां गोमती की कृपा और भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद यात्रा के प्रत्येक चरण को मंगलमय बनाएगा और करसूल नाथ धाम तक यह संकल्प निर्विघ्न पूरा होगा।
कांवड़ यात्रा के दौरान जगह-जगह जेसीबी के माध्यम से शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की गई। पुष्प वर्षा से कांवड़िये और श्रद्धालु उत्साहित नजर आए। पूरे यात्रा मार्ग पर भक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, भाजपा नेता सुशील सिंह, पुष्पराज सिंह, विकास यादव, सुशील मिश्रा, मधुकर तिवारी, संतोष मिश्रा सुग्गू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।