जीवन कुंडू हत्याकांड: सरकार से वार्ता के बाद आंदोलन खत्म होने की ओर, मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी का आश्वासन

जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर सरकार और न्याय संघर्ष समिति के बीच वार्ता हुई।

जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर न्याय संघर्ष समिति की सरकार से वार्ता
जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच सरकार और न्याय संघर्ष समिति के बीच वार्ता।

नई दिल्ली/अमर भारती। जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर पिछले 14 दिनों से चल रहा आंदोलन अब समाप्ति की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। सोमवार को न्याय संघर्ष समिति की छह सदस्यीय कमेटी ने चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। सरकार और समिति के बीच हुई वार्ता में कई मांगों पर सहमति बनने के बाद परिवार ने जीवन के शव का अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई है।

मुख्य आरोपित रमेश अत्री की गिरफ्तारी का आश्वासन

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री की ओर से जीवन कुंडू हत्याकांड के मुख्य आरोपित रमेश अत्री की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। इसके अलावा 15 अगस्त को हांसी में दर्ज मुकदमों को रद करने, पुलिस द्वारा पकड़े गए वाहनों को वापस लौटाने और पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करने पर भी सहमति बनी।

न्याय संघर्ष समिति के सदस्य और पूर्व सरपंच रवि कुंडू ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। समिति ने सरकार के आश्वासन के बाद आंदोलन को समाप्त करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

14 दिन बाद होगा जीवन के शव का अंतिम संस्कार

आंदोलन के चलते जीवन कुंडू हत्याकांड का शव पिछले 14 दिनों से अंतिम संस्कार के लिए रखा गया था। सरकार के साथ हुई वार्ता के बाद परिवार ने मंगलवार को किनाला में अंतिम संस्कार करने पर सहमति जताई है। इससे पहले महापंचायत की ओर से चेतावनी दी गई थी कि यदि सरकार के साथ वार्ता का कोई समाधान नहीं निकलता है तो 18 अगस्त से हिसार-दिल्ली, हिसार-सिरसा और हिसार-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्गों को बंद किया जाएगा।

पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया ने कराई मध्यस्थता

न्याय संघर्ष समिति की छह सदस्यीय कमेटी के साथ भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया भी चंडीगढ़ पहुंचे। उन्होंने सरकार और समिति के बीच बातचीत में मध्यस्थ की भूमिका निभाई। वार्ता के दौरान समिति ने जीवन कुंडू हत्याकांड में कार्रवाई, दर्ज मुकदमों को वापस लेने और आंदोलन के दौरान जब्त किए गए वाहनों को लौटाने समेत कई मांगें सरकार के सामने रखीं।

15 अगस्त को हांसी में हुआ था पुलिस-प्रदर्शनकारियों का टकराव

इस मामले को लेकर 15 अगस्त को हांसी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ था। मुख्यमंत्री हांसी के नेहरू कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले थे। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 6:40 बजे 150 से 200 लोग ट्रैक्टर-ट्रालियों के साथ समारोह स्थल की ओर बढ़ रहे थे। जीवन कुंडू हत्याकांड पर सीएम ने मांगें स्वीकार करते हुए एक्शन लिया है।

पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़ने, ट्रैक्टर चढ़ाने और पथराव का प्रयास किया। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट के आदेश पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। झड़प के दौरान हांसी के एसपी विनोद कुमार समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई थी। मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज किए गए और कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।

सरकार के आश्वासन के बाद टला बड़ा आंदोलन

सरकार और न्याय संघर्ष समिति के बीच हुई वार्ता के बाद फिलहाल प्रस्तावित हाईवे जाम का खतरा टलता नजर आ रहा है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी समेत अन्य मांगों पर सरकार के आश्वासन के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार का फैसला लिया है। अब आगे की कार्रवाई और आरोपित की गिरफ्तारी पर सभी की नजर रहेगी। जीवन कुंडू हत्याकांड में अब न्याय की आश जगी है।

यहां भी पढ़ें-

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान को लेकर सियासी बयानबाजी तेज

झारखंड के छात्र आंदोलन की गूंज लखनऊ तक पहुंची: पेपर लीक और भ्रष्टाचार के खिलाफ ABVP ने किया प्रदर्शन